संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में रविवार को पांच ब्लॉकों में होने वाले उपचुनाव के लिए नौ पंच पदों के लिए कुल 21 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। मतदान के बाद ही मतगणना होगी। अधिकारियों के मुताबिक परिणाम रात आठ बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे।
पंच पदों के लिए रविवार को होने वाले उपचुनावों के लिए शनिवार को ही चुनाव अधिकारियों की ओर से ड्यूटी लगा दी गई है। जिले में कुल नौ मतदान केंद्र बनाए गए है। यहां पर पोलिंग पार्टी के चार सदस्य और पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं, सिरसा ब्लॉक के दो, डबवाली ब्लॉक के चार, बडागुढ़ा, नाथूसरी चोपटा और ओढां के एक-एक गांव में चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए 21 प्रत्याशी मैदान में हैं।
89 पंच पदों के लिए होने थे चुनाव, 75 पर बनी थी सर्वसम्मति
बता दें कि जिले में 89 पंच पदों पर उपचुनाव होने थे, जिनमें से 75 पदों पर सर्वसम्मति बन गई। वहीं, पांच पंच पदों के लिए कोई नामांकन नहीं आया था। सिरसा के सात खंडों में 89 पंच पदों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि के दौरान 113 आवेदन आए थे। इनमें 63 ग्राम पंचायतों में मात्र एक-एक नामांकन आने के कारण यहां पर पंच पदों पर सर्वसम्मति बन गई है। वहीं, पांच पंच पदों के लिए कोई आवेदन नहीं आया। नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल के दौरान दो पंचों के नामांकन भी रद्द हुए। नामांकन वापसी के दौरान 13 पंच पदों पर नामांकन वापस होने पर पंच पद पर सर्वसम्मति बन गई। यानि 89 में से 75 पंच सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं। अब नौ पंच पदों पर उपचुनाव होने हैं। खंड ऐलनाबाद व के सभी पंच पदों पर सर्वसम्मति बन गई है और यहां पर कोई उपचुनाव नहीं होगा।
यहां होंगे पंच पद के लिए चुनाव
- खंड बडागुढ़ा के वार्ड नंबर-12, डबवाली खंड के गांव अबुबशहर, भारूखेड़ा, खुईयां मलकान, रिसालियाखेड़ा, चोपटा के गांव साहुवाला द्वितीय, ओढ़ा के गांव दादू, सिरसा खंड के गांव पतली डाबर व शमशाबाद पट्टी में पंच पद के लिए उपचुनाव होगा। इन स्थानों पर कहीं दो प्रत्याशी तो कहीं पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं।
वर्जन
पंच पदों के लिए ही उपचुनाव होने है। पांच ब्लॉकों के कुल नौ गांवों में उपचुनाव होगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। बैलेट पेपर के माध्यम से ही चुनाव करवाए जाएंगे।
रमेश कुमार, डीडीपीओ, सिरसा।