सिरसा। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में शहर के किसी भी बाजार और कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट खराब नजर नहीं आएगी। इस काम के लिए नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक अगस्त से स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने या नई लाइट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। चुनाव से ठीक पहले नगर परिषद की तंद्रा टूट चुकी है।
लोगों द्वारा बार-बार मांग करने के बाद अब नगर परिषद ने शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों को जगमग करने का फैसला लिया है। विभाग ने सभी बाजारों व कॉलोनियों का सर्वे करवा लिया है और जहां भी स्ट्रीट लाइटों में खराबी है या फिर जहां लगी ही नहीं हुई हैं, वहां पर अब स्ट्रीट लाइटों की कमी नहीं रहेगी। एक अगस्त से काम शुरू हो जाएगा। इस काम पर कितनी राशि खर्च होगी, इसका पता तो काम पूरा होने के बाद ही लगेगा।
कार्यकारी अधिकारी बीएन भारती ने बताया कि किसी भी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस कड़ी में विभाग की कार्रवाई शुरू कर दी हैै। खराब स्ट्रीट लाइटों के प्वाइंट चिह्नित कर लिए गए हैं। इसके अलावा बाजारों में भी लाइटाें की सुध ली जाएगी।
इस काम के लिए शहर को चार जोनों में बांटा जाएगा ताकि काम जल्दी और आसानी से हो सके। चारों जोनों का काम अलग-अलग ठेकेदारों को दिया जाएगा। मुख्य चौक पर हाई मास्क लाइटें लगाई जाएंगी। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में ही पूरा शहर जगमग नजर आएगा।
यातायात के लिए भी उठाए जाएंगे कदम
शहर में यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नगर परिषद ने कमर कस ली है। ईओ बीएन भारती ने बताया कि सभी चौराहों पर स्टॉप लाइन, जेबरा लाइन लगाई जाएंगी। इसके अलावा दुकानों के बाहर पांच-पांच फुट जगह छोड़ कर येलो लाइन लगवाई जाएगी।
इस लाइन के बाहर खड़े वाहन का यातायात पुलिस चालान काटेगी। सभी डिवाइडर पर ग्रिल लगाई जाएंगी। जहां से ग्रिल टूटी हुई है, उसको ठीक करवाया जाएगा।