सिरसा। नगर परिषद स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत तोड़ी गई सड़कों की हालत को लेकर व्यापारियों में रोष है। वीरवार को हिसारिया बाजार स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में व्यापार मंडल पदाधिकारियों और दुकानदारों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया कि एक सप्ताह में सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर आंदोलन शुरू करेंगे।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हीरालाल शर्मा ने कहा कि हिसारिया बाजार के दुकानदार करीब डेढ़ वर्ष से टूटी सड़क की परेशानी झेल रहे हैं। पुरानी सब्जी मंडी, रोड़ी बाजार, हिसारिया बाजार, सिटी थाना रोड और आसपास की गलियों में सड़कें तोड़े जाने से दुकानों तक ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन नजदीक है। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे व्यापारी इस सीजन से कारोबार में सुधार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे में सड़कों की बदहाल स्थिति परेशानी बढ़ा रही है। प्रशासन और नगर परिषद को समस्या का गंभीरता से समाधान करना चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर व्यापारी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।
व्यापारियों ने आमजन से समस्या के समाधान में सहयोग की अपील की। बैठक में शहरी अध्यक्ष कीर्ति गर्ग, जिला उपप्रधान अंजनी कनोडिया और जिला महासचिव सुरेश गोयल मौजूद रहे। इस मौके पर हिसारिया बाजार के नवनियुक्त प्रधान संदीप बड़वावाला, रमेश कुमार, पवन तेलंगा, अनिल सोनी, सुरेंद्र कक्कड़, रमेश कनोडिया, राजेंद्र अनेजा, संदीप राजपूत, संजय बंसल, साजन कुमार, अभिषेक मौजूद रहे।