संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। ममेरां रोड पर श्री श्याम मंदिर के पास रविवार रात को बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए।
पहली बाइक से हुई टक्कर के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए और एंबुलेंस के माध्यम से दो युवकों को अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान घटनास्थल पर किसी अन्य के कराहने की आवाज सुनाई तो उन्होंने देखा कि यहां पर दो अन्य युवक भी घायल अवस्था में पड़े हैं। इसके बाद उनको भी अस्पताल पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बुलेट सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में सुरजीत सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गिदड़ावाली तहसील सिरसा ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर ऐलनाबाद से अपने गांव गिदड़ावाली जा रहा था। उसके आगे-आगे एक मोटर साइकिल जा रहा था। समय करीब आठ बजे ममेरा रोड पर श्री श्याम मन्दिर के पास पहुंचे तो सामने से एक बुलेट मोटर साइकिल चालक तेज रफ्तार से आया और उसके आगे जा रहे मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। दोनों मोटर साइकिलों पर सवार लोग सड़क पर आ गिरे। जिससे उनको गंभीर चोटें आई। इसी दौरान वहां पर लोग एकत्रित हो गए और पहले दो युवकों व बाद में दो अन्य युवकों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गुरप्रीत सिंह निवासी ढाणी बच्चन सिंह ऐलनाबाद को मृत घोषित कर दिया।