सिरसा। शहर के निजी अस्पतालों से निकलने वाले बायोवेस्ट का उचित तरीके से निस्तारण नहीं हो रहा है। बायोवेस्ट को सामान्य कचरे के साथ भेजा जा रहा है। इस पर नगर परिषद ने संज्ञान लिया है। नगर परिषद ने सिविल सर्जन को पत्र भेजकर रिकॉर्ड मांगा है। इसमें पूछा है कि कितने निजी अस्पताल बायोवेस्ट को उचित तरीके से निस्तारण करते हैं या एजेंसी को कूड़ा भेजते हैं। नगर परिषद की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो भी अस्पताल बायोवेस्ट को सामान्य कूड़े में डालेगा, उस पर जुर्माना ठोका जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग, सरकार और एनजीटी के सख्त आदेश हैं कि अस्पतालों से निकलने वाला मेडिकल कचरा यानी बायोवेस्ट का निस्तरण किया जाए। या फिर किसी एजेंसी से अनुबंध करके उन्हें प्रतिदिन कूड़ा दिया जाए। सख्त हिदायत है कि किसी भी परिस्थिति में मेडिकल बायोवेस्ट को सामान्य कचरे के बीच नहीं फेंकना है। ये संक्रमण का मुख्य रास्ता साबित हो सकता है। लेकिन नगर परिषद अधिकारियों को सूचना मिली है कि शहर के अधिकतर निजी अस्पताल संचालक मेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण नहीं कर रहे हैं बल्कि सामान्य कचरे में फेंक रहे हैं। बता दें कि शहर में 300 से ज्यादा निजी अस्पताल हैं। इनमें करीब 100 अस्पताल बड़े हैं जबकि अन्य छोटे। इसके अलावा लेबोरेट्री और अन्य चिकित्सा केंद्र भी हैं। हालांकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से निकलने वाला बायोमेडिकल वेस्ट को अलग से भेजा जाता है।
नगर परिषद ने लिखा सिविल सर्जन को पत्र, मांगा रिकॉर्ड
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने सिविल सर्जन को पत्र लिखा है। इसमें पूछा है कि सिरसा में ऐसे कितने अस्पताल हैं जो बायोमेडिकल का उचित तरीके से निस्तारण करते हैं। संख्या के साथ ही अस्पतालों की सूची भी मांगी है। ये पूछा है कि कितने अस्पताल ऐेसे हैं जिन्होंने बायोमेडिकल के लिए अपना प्लांट लगा रखा है और कितने ऐसे हैं जो एजेंसी को अपना कूड़ा सौंपते हैं।
अब चलेगा विशेष अभियान : सामान्य कचरे में बायोमेडिकल फेंकने वालों के कटेंगे चालान
नगर परिषद की ओर से जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। जो अस्पताल बायोमेडिकल को सामान्य कचरे में फेंकते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया चालान काटकर भेजा जाएगा। इतना ही नहीं ऐसे अस्पतालों का सामान्य कूड़ा भी नगर परिषद के कर्मचारी नहीं उठाएंगे। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को पता है कि कौन से ऐसे अस्पताल हैं जो बायोमेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे में मिक्स करके फेंकते हैं। इसलिए कार्रवाई आसान होगी।
निजी अस्पतालों के लिए जरूरी है कि बायोमेडिकल वेस्ट का उचित तरीके से निस्तारण करें या एजेंसी को सौंपे। इस संबंध में सिविल सर्जन को पत्र भेजकर जानकारी मांगी गई है। अब विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। जो अस्पताल बायोमेडिकल कचरे को सामान्य कूड़े में फेंकेगा, उसे जुर्माना ठोका जाएगा और चालान काटा जाएगा। इसके अलावा कूड़े का भी उठान बंद करेंगे।
-संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा।