संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 14 बाइक व स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने अनुसार आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति करने के लिए वारदात को अंजाम देते थे।
डीएसपी मुख्यालय जगत सिंह मोर ने बताया कि आरोपियाें की पहचान सर्वजीत उर्फ सोनू निवासी प्रीत नगर, राम निवासी शाहपुर बेगू, सुखविंदर निवासी रानियां रोड व विनोद निवासी शाहपुर बेगू जिला सिरसा के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर शहर सिरसा, सदर सिरसा व सिविल लाइन क्षेत्रों से पिछले दो तीन माह की अवधि के दौरान चोरी हुए 14 मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विनोद कुमार इस गिराेह का सरगना है। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला सिरसा व हिसार में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने 13 मोटरसाइकिल व स्कूटी शहर सिरसा के विभिन्न क्षेत्रों से जबकि एक बाइक हिसार शहर से चोरी की थी। डीएसपी जगत सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी विनोद कुमार उसके सभी साथी नशा करने के आदि हैं, और नशे की पूर्ति के लिए ही मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।