ऐलनाबाद। गांव पोहड़का के पास बाइक सवार तीन युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति को लूट लिया। इसी दौरान उधर से गुजर रही पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर तीनों युवक हड़बड़ा गए और हड़बड़ाहट में अपनी बाइक वहीं पर छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने घायल की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे ललन यादव निवासी दाहा, थाना हंटरगंज जिला चतरा झारखंड का रहने वाला है जो अभी गांधी कॉलोनी रानियां गेट सिरसा में रहता है। वह ऐलनाबाद में अपने मित्र मोहन लाल के पास आ रहा था तो रास्ते में गांव पोहड़का के पास बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसकी बाइक के आगे लगाकर रोक लिया और रुपये मांगे। जब उसने पास में रुपये न होने का कहा तो उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने ललन यादव पर करीब 6 वार किए। आरोपी ने ललन की जेब से मोबाइल फोन भी निकाल लिया।
इसी दौरान अचानक गश्त पर पुलिस की गाड़ी आ गई जिसके बाद तीनों बदमाश हड़बड़ा उठे और भागने की कोशिश करने लगे। मगर तीनों ही बदमाश हड़बड़ाहट में मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं कर पाए। जिस पर तीनों बदमाश मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ऐलनाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को अग्रोहा रेफर कर दिया गया।