सिरसा। गांव भरोखां व बरनाला रोड स्थित द सिरसा स्कूल के खेल मैदान में रविवार को जिलास्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। चुने गए खिलाड़ी तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खेलों में भाग लेंगे। ट्रायल में गांव भरोखां में हैंडबाल और द सिरसा स्कूल में फुटबाल के ट्रायल करवाए गए। जिसमें बेहतरीन प्रर्दशन करने वाले लड़के-लड़कियों का चयन किए गया।
दूसरी तरफ छुट्टियों और गर्मी के कारण ट्रायल में खिलाड़ियों की संख्या 30 फीसदी के लगभग कम रही है। इस बार खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में दस्तावेजों में फैमिली आईडी को अतिरिक्त जोड़ा जाएगा। जिससे खिलाड़ियों के खेलों के चयन में बाधा भी पैदा हो सकती है। राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के लिए जिलास्तरीय ट्रायल के दूसरे दिन बरनाला रोड स्थित द सिरसा स्कूल में फुटबाल खेल के ट्रायल लिए गए। जिसमें पहले दिन की तरह महिला और पुरुष की ओपन श्रेणी के लिए ट्रायल लिया गया।
फुटबाल खेल के लिए कुल 60 खिलाड़ी ट्रायल देने के लिए पहुंचे। जिसमें से बेहतरीन प्रर्दशन ओर प्रतिभा को दिखाते हुए 18 लड़के ओर 18 लड़कियों की दो टीमों का चयन किया गया। वहीं गांव भरोखां में हैंडबाल के ट्रायल खेल विभाग की ओर से करवाए गए। जिसमें 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से 16 लड़के और 16 लड़कियों का दो टीमों में चयन हुआ। ट्रायल के दौरान हैरानी की बात यह रही की बीते वर्ष के मुकाबले इस बार कुछ खेलों में ट्रायल के लिए 30 फीसदी खिलाड़ी ट्रायल देने के लिए नहीं पहुंचे। खेल विभाग के अनुसार इस बार गर्मी ज्यादा होने के चलते 30 फीसदी खिलाड़ी ट्रायल देने के लिए नहीं पहुंच पाए। वहीं कुछ खिलाड़ी स्कूलों में चल रही छुटि्टयों के कारण घूमने के लिए चले गए।
बता दें कि महाकुंभ में खेलों के ट्रायल के लिए आने वाले खिलाड़ियों के खेल विभाग की ओर से दस्तावेजों की जांच की गई, ताकि बाद में दस्तावेजों को लेकर कोई विवाद की स्थिति पैदा न हो। खेल ट्रायल जिला खेल अधिकारी सुरिंद्रजीत सिंह की मौजूदगी में हुए। जिससे कोई परेशानी आने पर तुंरत उसका समाधान किया जा सके।
फैमिली आईडी बन सकती खिलाड़ियों के चयन में मुसीबत
खेल विभाग की ओर से इस खेलों के ट्रायल के दौरान जो दस्तावेज पहले लिए जाते थे उनमें इस बार फैमिली आईडी को भी शामिल किया गया है। जो खिलाड़ियों के लिए चयन में बाधा उत्पन्न कर सकती है। हैंडबाल कोच अशोक जांदू ने बताया कि उनके यहां ट्रायल देने के लिए ज्यादातर खिलाड़ी ग्रामीण परिवेश से ही हैं। ट्रायल में आने वाले खिलाड़ियाें में कुछ के पास फैमिली आईडी नहीं थी। जिन्हें जल्द ही फैमिली आईडी जमा करवाने के लिए कहा गया है। अगर किसी खिलाड़ी के पास फैमिली नहीं पाई गई तो उसके चयन में बाधा हो सकती है।
हैंडबाल में 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया, इसमें से 32 खिलाड़ियों की दो टीमों का चयन हुआ। जिनमें से 16 लड़के और 16 लड़कियों का चयन हुआ। खेलों के लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। उम्मीद है कि हरियाणा की टीम में खेलने पर ट्रायल में यचनित किए गए खिलाड़ी अच्छा प्रर्दशन करेंगे।
- अशोक जांदू, हैंडबाल कोच, शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा।
ट्रायल को लेकर जिले के खिलाड़ियों में काफी उत्साह और जोश है। रविवार को हैंडबाल के लिए 32 व फुटबाल के लिए 36 लड़के व लड़कियों का चयन किया गया है।
- सुरिंद्रजीत सिंह, जिला खेल अधिकारी, सिरसा।