मातनहेल गांव में बुधवार को लगे खुले दरबार के दौरान डीसी आरसी बिढाण का पारा उस समय चढ़ गया जब चार बार पूछने के बावजूद बिजली निगम के एक्सईएन कुलदीप ने किसी काम को करने का समय ठीक से नहीं बताया। इससे खफा डीसी ने जब झाड़ लगाते हुए पूछ लिया कि सस्पेंड होकर जाओगे क्या? बस फिर क्या था एक्सईएन ने झट से काम को पूरा करने का समय बता दिया। वहीं अधिकतर कार्यों के लिए एक्सईएन अपने जेई से पूछ-पूछकर बता रहे थे तो भी डीसी ने उनकी क्लास लगाई। वहीं खुले दरबार के दौरान देखने को मिला की अधिकतर शिकायतें सरपंचों के द्वारा बिजली निगम से संबंधित ही रखी गई। डीसी ने खुले दरबार के दौरान कहा कि सभी शिकायतों का निदान करना उनकी कोशिश रहेगी लेकिन जनता को भी उपलब्ध सुविधाओं की बर्बादी रोकनी होगी।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को भी पड़ी डांट
मुंसा गांव के सरपंच बृजपाल ने अपने गांव की समस्या उठाते हुए कहा कि गांव में पाइप लाइन काफी जगह से लीक है। इसके चलते गंदा पानी गांव में सप्लाई किया जा रहा है। इसपर डीसी आरसी बिढाण ने विभाग के अधिकारियों से पूूूछा कि सीएम की घोषणाओं में इसे शामिल करवा लिया था या नहीं? अधिकारियों ने बताया कि अभी एस्टीमेट बनाया जा रहा है, इस पर डीसी ने झाड़ लगाते हुए कहा कि इसे तो उसमें ही कवर करवाना चाहिए था।
बेटी सरपंच है तो उसे आने देते
कालियावास गांव से आए सुरेंद्र ने डीसी के सामने समस्या रखते हुए बताया कि उसकी बेटी गांव की सरपंच है। इस पर डीसी ने उल्टा सुरेंद्र से सवाल पूछ लिया कि फिर बेटी को खुले दरबार में समस्या लेकर क्यों नहीं आने देते। जिस पर सुरेंद्र ने सफाई देते हुए कहा कि वह किसी काम से बाहर गई हुई है। इसके चलते उसे आना पड़ा है। जिस पर डीसी ने समस्या जानी और कहा जल्द पूरी करवाई जाएगी।
डीसी ने पूछा- मातनहेल में 1000 बेटों पर 500 बेटियों क्यों
दरबार में समस्याएं सुनने के पश्चात जब डीसी संबोधित कर रहे थे तो कुछ लोग बार-बार बीच में सवाल करते हुए अपनी समस्याएं रख रहे थे। जिस पर डीसी ने कहा कि समस्या सुन ली गई हैं और अगर फिर भी किसी को कोई दिक्कत है तो वे नोट करवा दें। इसके बावजूद भी लोग नहीं माने तो डीसी ने पूछ लिया कि मातनहेल में 1000 बेटों पर 500 बेटियां क्यों हैं? डीसी के सवाल पर हाल में सन्नाटा छा गया। डीसी आरसी बिढाण ने कहा कि जनता को अपना आचरण सुधारना होगा।
साहब! 18 को है बेटी की शादी, बैंक से नहीं मिल रहा पैसा
बंबूलिया गांव से आए गजेसिंह ने डीसी आरसी बिढाण के सामने समस्या रखते हुए कहा कि उसकी बेटी की शादी 18 जनवरी की है लेकिन उसे बैंक से पैसा नहीं मिल रहा है। इस पर डीसी ने एलडीमए एलडी शर्मा को निर्देश दिए कि गजेसिंह को बैंक से पैसा दिलवाएं। जिस पर एलडीएम ने आश्वासन दिया कि वे कल उन्हें संबंधित बैंक से पैसा दिलवा देंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
खुले दरबार के दौरान डीसी आरसी बिढाण के अलावा एडीसी नरहरि सिंह बांगड़, सीटीएम विजय कुमार, एसडीएम प्रदीप कौशिक, एलडीएम एलडी शर्मा, बिजली निगम के एक्सईएन कुलदीप, पीडब्ल्यूडी से एक्सईएन एसएस दलाल, बीडीपीओ आशी मान सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।