अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से हुआ आयोजन
फोटो 4
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित 14 दिवसीय चतुर्थ स्थापना महोत्सव के चौथे दिन बुधवार को भव्य भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर हो गया।
मंदिर के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि बुधवार सायं 6:15 बजे मंदिर के पुजारी राकेश शास्त्री, हितेश शर्मा, धनंजय शुक्ला, शशिकांत शुक्ला एवं दुलीचंद शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई। इसके पश्चात बाबा श्याम की पावन ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। रात 7:15 बजे भजन संध्या का शुभारंभ राजेंद्र गनेरीवाला द्वारा गणेश वंदना एवं हनुमान चालीसा पाठ के साथ किया गया।
राजेंद्र ने कर दो बेड़ा पार, भर दे श्याम झोली भर दे, किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार, चाकर राख ले सांवरिया सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। इस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
इसके उपरांत हिसार से आए प्रसिद्ध भजन गायक अभिनव ऐरन ने हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे आजा, हारा हूं बाबा पर तुम पर भरोसा है, छोड़ेंगे ना हम तेरा साथ ओ बाबा सहित कई भजनों से श्याम प्रेमियों को मुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करते रहे।
रात 8:15 बजे बाबा श्याम को भोग अर्पित कर श्याम रसोई का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।