संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला प्रशासन ने सालों बाद शहीद भगत सिंह स्टेडियम की सुध ली है। डी प्लान के तहत 25 लाख रुपये से स्टेडियम का सुंदरीकरण किया जाएगा। 26 जनवरी को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष आदेश देकर स्टेज बनने का कार्य शुरू कर दिया है।
शहीद भगत सिंह स्टेडियम में साल भर खेल गतिविधियां के लिए खिलाड़ी और शहर के आसपास के लोग सुबह और शाम घूमने के लिए आते हैं। यहां सालों पहले बनाए गए शौचालयों के हालात काफी बदतर हो गए हैं। इस कारण खिलाड़ी इनके इस्तेमाल से परहेज करते हैं। शौचालयों में टाइलें टूट चुकी हैं। पानी की टूटियां भी नहीं हैं।
वहीं स्टेडियम में बनाई गई स्टेज बहुत छोटी पड़ती है। गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों में अधिकारियों व अतिथियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। जगह कम होने के कारण बैठने की व्यवस्था भी पूरी नहीं हो पाती है। इसलिए इस स्टेज को 10 फीट लंबा और 20 फुट से ज्यादा चौड़ा किया जा रहा है। रैंप के साथ-साथ सीढि़यां भी बनाई जा रही है।
एक सप्ताह का लगाया गया है टेंडर
स्टेडियम के शौचालय व स्टेज निर्माण के लिए नगर परिषद प्रशासन ने एक सप्ताह का टेंडर लगाया गया। 16 जनवरी को टेंडर ओपन कर दिया जाएगा। इसके साथ ही वर्कऑर्डर जारी कर शौचालयों का निर्माण करवाया जाएगा। इस टेंडर के अंतर्गत स्टेडियम की दुकानों के लिए शौचालय का निर्माण भी किया जाना है। मौजूदा समय में अस्थायी शौचालय के बदतर हालात बने हुए हैं।
:::::::::::::::::::::::::::
स्टेडियम में शौचालयों और स्टेज बनाने को लेकर विभाग को करीब दो माह पहले ही पत्राचार किया गया था। इसको लेकर 25 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। इसमें शौचालयों को दुरूस्त करवाने और स्टेज बनाने का काम किया जाएगा। जगदीप सिंह, जिला खेल अधिकारी, सिरसा।
कोट्स
स्टेडियम को लेकर डी प्लान के पैसे के तहत सात दिनों का टेंडर लगाया गया है। जल्द ही टेंडर ओपन कर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। प्रवीण शर्मा, जेई, नगर परिषद