डबवाली। वर्क फ्रॉम होम और नौकरी दिलाने के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी को लेकर डबवाली पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। साइबर जागरूकता अभियान के तहत पुलिस लोगों को फर्जी नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों से बचने के लिए जागरूक कर रही है। ठग आकर्षक वेतन, घर बैठे काम और तुरंत नियुक्ति का झांसा देकर युवाओं व नौकरी तलाश रहे लोगों को निशाना बना रहे हैं।
साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली कंपनी प्रोफाइल और एचआर अधिकारी बनकर फोन कॉल, व्हाट्सऐप व ईमेल के माध्यम से संपर्क करते हैं। इसके बाद नौकरी पक्की करने, पंजीकरण, प्रशिक्षण, दस्तावेज सत्यापन या सिक्योरिटी फीस के नाम पर पैसे मांगते हैं। कई मामलों में फर्जी वेबसाइट और दस्तावेजों के जरिए लोगों का विश्वास जीतकर रकम ऐंठ ली जाती है।
उन्होंने कहा कि नौकरी के नाम पर किसी व्यक्ति या कंपनी को पैसे भेजने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करें। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल डोमेन, नियुक्ति पत्र और एचआर प्रोफाइल की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करें। अनजान व्यक्तियों के लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने तथा ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या निजी विवरण साझा करने से बचें। बिना साक्षात्कार नौकरी देने, अत्यधिक वेतन का लालच और तुरंत भुगतान का दबाव ठगी के संकेत हो सकते हैं।
हेल्पलाइन पर शिकायत देने की अपील :
डबवाली पुलिस ने अपील की है कि रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग या सिक्योरिटी फीस मांगने वालों की पूरी जांच करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।