रोड़ी। ग्रामीणों क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की राह आसान बनाने के उद्देश्य से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें अब खुद रोशनी को तरस रही हैं। हरियाणा ग्रामीण विकास योजना के तहत पंचायती राज विभाग की ओर से अप्रैल 2024 में स्थापित 81 लाइटों में से आधे से अधिक बंद पड़ी हैं।
ऐसे में रात ढलते ही गांव की फिरनी पर अंधेरा पसर जाता है और ग्रामीणों की सुविधा व सुरक्षा के लिए शुरू की गई व्यवस्था बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। ग्रामीणों ने बंद लाइटों की मरम्मत करवाने के साथ उनकी गुणवत्ता की जांच कराने और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायती राज विभाग ने हरियाणा के 710 गांवों की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना तैयार की थी। इनका उद्देश्य रात में रास्तों को रोशन करना और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा देना था।
रतिया मोड़ से नए बस अड्डे होते हुए पुराने बस अड्डे से फत्ता-बालू मोड़ तक ये लाइटें लगाई गई थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थापना के दो से तीन महीने बाद ही कई लाइटें खराब होने लगी थीं। मरम्मत करवाने के बावजूद ये बार-बार खराब हो जाती हैं। इससे इनकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
अंधेरे में हादसों और असुरक्षा का खतरा
फिरनी पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि नशेड़ियों की गतिविधियों के कारण भी लोगों में असुरक्षा का माहौल है। विशेषकर महिलाओं को रात के समय घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है।
:::::::
विभाग की ओर से लगाई गई लाइटें कुछ माह बाद ही खराब होने लगी थीं। अब हालात ये है कि आधे से ज्यादा लाइटें बंद हैं जिससे रात के समय फिरनी पर अंधेरा रहता है। विभाग को जल्द मरम्मत करवाकर लोगों को राहत देनी चाहिए। - हर्ष सिंह
:::::::
फिरनी पर रोशनी नहीं होने से रात के समय आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे में वाहन चालकों को रास्ता दिखाई नहीं देता जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। विभाग को गंभीरता दिखानी चाहिए। - अवतार सिंह
:::::::
लाइटों की मरम्मत करवाने के बावजूद वे बार-बार खराब हो जाती हैं। इससे उनकी गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी है। संबंधित विभाग को पूरे मामले की जांच करवानी चाहिए, ताकि खामियों का पता लगाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।-दर्शी सिंह
:::::::::::::::
पंचायत की ओर से इस समस्या के संदर्भ में हमें कोई सूचना नहीं मिली है। अगले एक सप्ताह के अंदर सभी लाइटों की जांच करवा कर दुरुस्त करवा दी जाएंगी। -विकास कुमार, जेई इलेक्ट्रिकल, पंचायती राज विभाग।