संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला शिक्षा विभाग ने डबवाली में शहीद दिवस के उपलक्ष्य में शहीदों को नमन करके प्रवेश उत्सव की शुरुआत की। इसमें सभी शिक्षकों को राजकीय स्कूलों में नामांकन करवाने को लेकर लक्ष्य दिए गए। शनिवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने डबवाली में निरीक्षण किया और प्रवेश उत्सव को लेकर सभी शिक्षकों को निर्देश दिए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बूटाराम ने खंड डबवाली के सभी शिक्षकों की बैठक ली और निर्देश दिए कि सभी शिक्षकों को जल्द से जल्द लक्ष्य पूरा कर ज्यादा से ज्यादा बच्चों का स्कूलों में दाखिला करवाना है। उन्होंने कहा कि सभी राजकीय विद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया एक अप्रैल से आरंभ होगी। प्रत्येक स्कूल इस संदर्भ में व्यापक प्रचार-प्रसार करे तथा प्रत्येक बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करें। राजकीय विद्यालयों में 30 मार्च तक वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं। इसी दिन बच्चों को अगली कक्षा की पुस्तकों का अनिवार्य वितरण किया जाए। पांचवीं कक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों का अगली कक्षा में उसी दिन नामांकन कर दिया जाएं। प्राथमिक स्कूल के मुखिया एक अप्रैल को सभी पांचवीं पास बच्चों को विद्यालय में बुलाएं तथा प्रार्थना पत्र पर माता-पिता के हस्ताक्षर करवाने हेतु बच्चों को दें। इस संदर्भ में अन्य औपचारिकताएं भी 1 अप्रैल को ही पूरी कर ली जाएं। इसमें ऑनलाइन एसएलसी जारी करना भी शामिल हो।
निर्वाचन साक्षरता क्लब का किया गठन
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डबवाली दौरे के दौरान व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम चलाया गया। इसके तहत कार्यशाला का आयोजन कर निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन किया गया। कार्यक्रम में स्वीप मास्टर ने अपना मत का प्रयोग करने के बारे में जागरूक किया। डीईईओ ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया का ज्ञान सबको होना चाहिए। इसी आधार पर हम अपने उम्मीदवार का चयन करें। लेकिन इसके लिए हमें बिना किसी दबाव, भेदभाव और लालच के मतदान करना चाहिए। हम अपने विवेक से अपने मत का प्रयोग कर सही व्यक्ति को चुनें। यदि हम अपने मत का प्रयोग नहीं करेंगे तो वह देश के हित में नहीं होगा।