जबरन घर में बनाया बंधक, पुलिस ने छुड़ाया, आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव हरीपुरा में प्रेम संबंध को लेकर एक युवक पर लड़की के घरवालों ने हमला कर दिया। इसके बाद उसे जबरन अपने घर ले गए और उसे बंधक बनाए रखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाया। पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में 22 वर्षीय सुनील कुमार निवासी गांव बालास ने बताया कि वह बालासर में सैलून चलाता है। उसकी गांव की एक युवती से डेढ़ साल से बातचीत चल रही थी। 18 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे उसने उक्त युवती को फोन कर हरीपुरा नहर पुल के पास बुलाया। वह अपने दोस्त रैम्बो के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। युवती पहले से ही वहां मौजूद थी।
रात एक बजे वह दोस्त के साथ युवती को बाइक पर उसके घर छोड़ने जाने लगा। नहर पुल पर युवती के पिता व अन्य घरवालों ने उन्हें घेर लिया। युवती जान बचाने के लिए झाड़ियों में छिप गई। सुनील का कहना है कि युवती के घरवालों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद वे उसे अपने घर में ले गए और बंधक बना लिए।
किसी ने डायल 112 पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे छुड़ाया और उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया दिया। जांच अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि घायल सुनील के बयान पर युवती के पिता सहित अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।