सिरसा। शहर के एक निजी स्कूल के विदाई समारोह में शामिल होने आए पंजाब के दो युवकों पर रविवार रात कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इनोवा व दूसरे कार में सवार युवकों ने पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर लौटते समय थार सवार छात्रों को घेरकर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। घायल युवकों का नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मानसा जिले के सरदूलगढ़ निवासी मनदीप सिंह उर्फ मवी ने बताया कि वह और उसका दोस्त नवकृत काले रंग की थार में विदाई समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 9 बजे सिरसा पेट्रोल स्टेशन से तेल डलवाकर लौटते समय सामने से इनोवा और सफेद कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। मनदीप के अनुसार, इनोवा कंगनपुर निवासी बिल्ला सिद्धू चला रहा था, जबकि ओंकार, गगन धारीवाल और प्रभजोत कार में मौजूद थे। आरोपियों के हाथ में कापा और किरपाण था। उन्होंने थार पर वार किए और खिड़की खोलकर मनदीप पर हमला किया। आरोपियों ने भागते समय जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद परिजनों ने मनदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मनदीप के बयान पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।