संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हुडा सेक्टर-20 में पार्क में सैर करने गए पेट्रोल पंप संचालक पर चार युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले सिर पर डंडे से वार किया और बाद में नीचे गिराकर लात-घूंसों से पीटा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक नामजद सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-20 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि गांव करंडी, मानसा पंजाब में जगदम्बे फिलिंग स्टेशन नाम से उसका पेट्रोल पंप है। 26 अगस्त को पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों ने उसे फोन कर बताया कि गांव करंडी निवासी नरेंद्र पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाने आया था।
नरेंद्र ने एक हजार रुपये का डीजल डलवाया। आरोप है कि कर्मचारियों ने जब उससे पैसे मांगे तो नरेंद्र ने गाड़ी से डंडा निकालकर उन्हें धमकाया और बिना पैसे दिए वहां से चला गया। राजेश के अनुसार, उसने नरेंद्र से फोन पर डीजल के पैसे नहीं देने का कारण पूछा तो उसने उसे देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद शाम को हुडा सेक्टर-20 स्थित उसके घर के बाहर एक गाड़ी कई बार चक्कर लगाती देखी गई। उस समय राजेश घर पर नहीं था। पड़ोसियों ने घर लौटने पर उसे बताया कि कुछ लोग मुंह ढककर गाड़ी से उसके घर के बाहर चक्कर लगा रहे थे।