एटीएम तोड़ने की लगातार हो रही वारदात से जहां बैंक प्रबंधकों के होश उड़े हुए हैं, वहीं पुलिस की गश्त पर भी सवालिया निशान लग रहा है।
सिरसा जिले में 11 दिन में चार वारदात हो चुकी हैं। हालांकि लुटेरे इनमें नकदी लूटने में कामयाब नहीं हो सके, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है।
इसे देखतेे हुए पुलिस प्रशासन ने बैंक प्रबंधकों को सभी एटीएम में सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए पत्र लिखा है, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दे रहा।
अमर उजाला टीम ने बृहस्पतिवार रात को शहर में स्थित एटीएम का जायजा लिया। अधिकतर जगह गार्ड ही नहीं था तो कई जगह गार्ड कंबल ढककर सो रहा था। ऐसी स्थिति में कोई भी लुटेरा अंधेरा घुसकर आसानी से वारदात को अंजाम दे सकता है।
ये था एटीएम की सुरक्षा का सूरत-ए-हाल
11.00 बजे बृहस्पतिवार रात को टीम ने अभियान की शुरुआत डबवाली रोड लालबत्ती चौक के पास स्थित देना बैंक के एटीएम से की। यहां कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।
11.10 बजे टीम शहर के दूरसंचार विभाग कार्यालय के समक्ष स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कक्ष में पहुंची। यहां भी कोई सुरक्षा गार्ड नहीं मिला। टीम ने कक्ष का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन कोई नहीं आया।
11.20 बजे मुख्य डाकघर के पास बने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पहुंचे तो वहां भी किसी गार्ड की तैनाती नहीं थी।
11.33 बजे जब टीम गीता भवन वाली गली में स्थापित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम कक्ष में गई तो कोई सुरक्षाकर्मी नहीं मिला।
11.50 पर टीम सदर बाजार में आईडीबीआई के एटीएम पर पहुंची तो वहां एक साइकिल खड़ी थी, लेकिन गार्ड मौजूद नहीं था।
12.00 बजे टीम शहर थाना से सटे सिंडिकेट बैंक के एटीएम कक्ष में पहुंची। कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था।
12.05 बजे अमर उजाला पत्रकार थाने के कुछ ही कदम आगे ओबीसी बैंक के एटीएम पर पहुंचे, लेकिन वहां गार्ड सोया हुआ था।
12.15 बजे टीम सुरतगढ़िया बाजार बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर गई, यहां गार्ड रोहित कुर्सी पर बैठा पढ़ रहा था।
12.25 बजे टीम ने अनाजमंडी के पास कार्पोरेशन बैंक के एटीएम में दस्तक दी। यहां कोई नहीं था। कुछ देर बाद एक गार्ड आया।
12.30 बजे टीम ने देखा कि अनाज मंडी में एक्सिस बैंक के एटीएम में भी सुरक्षा गार्ड नहीं था।
12.35 बजे टीम ने अनाज मंडी के पास ही पीएनबी के एटीएम को जायजा लिया तो वहां भी कोई नहीं मिला।
12.40 बजे टीम ने अनाज मंडी स्थित एसबीआई के एटीएम में देखा, यहां भी गार्ड नहीं मिला। अनाजमंडी एरिया में एटीएम रामभरोसे ही थे।
12.47 बजे टीम जनता भवन मार्ग पर पहुंची, जहां पर एचडीएफसी बैंक का एटीएम दिखाई दिया। अंदर जाने पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था।
12.55 पर टीम ने नेशनल हाईवे स्थित एसबीआई के एटीएम में देखा तो यहां पर गार्ड तैनात मिला। पास ही एक्सिस बैंक के एटीएम में गार्ड मौजूद नहीं था।
1.05 पर टीम बरनाला रोड पहुंची, पुलिस लाइन परिसर में बने एक्सिस बैंक के एटीएम में सुरक्षाकर्मी डंडे के साथ मौजूद था। दो मार्च की रात इसी एटीएम को लुटेरों ने अपना निशाना बनाया था।
1.10 बजे बरनाला रोड पर थोड़ा आगे एसबीआई के एटीएम का टीम ने जायजा लिया, यहां पर एटीएम का सुरक्षा गार्ड सोया हुआ मिला।
1.15 बजे बरनाला रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में कोई गार्ड नहीं था।
1.25 बजे हिसार रोड स्थित एसबीआई के बस अड्डे के पास स्थित एटीएम का जायजा लिया। यहां पर गार्ड सोने की तैयारी में था।
1.30 बजे जायजा लिया तो पाया कि हिसार रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के एटीएम में गार्ड की तैनाती थी, लेकिन पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम में गार्ड सो रहा था।
1.40 पर टीम शहर के बेगू रोड पहुंची, जहां पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और पीएनबी के एटीएम में गार्ड की तैनाती देखने को नहीं मिली।
नहीं दिखी पुलिस गश्त
शहर भर में एटीएम केबिन का दौरा कर रही अमर उजाला टीम ने बरनाला रोड के अलावा कहीं भी पुलिस की टीम को गश्त करते हुए नहीं देखा। पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त को तेज करने के आदेश सभी थाना प्रभारियों को दिए हुए हैं, लेकिन टीम को कहीं भी पुलिस की गश्त नहीं दिखाई दी।
11.00 से लगभग दो बजे तक शहर के बाजारों, अनाज मंडी, हिसार रोड, बेगू रोड, डबवाली रोड और पुरानी कचहरी रोड आदि एरिया में एक भी पुलिस कर्मचारी गश्त करते हुए दिखाई नहीं दिया।
नाम छापने की जरूरत नहीं, कार्रवाई जरूर करेंगे
शहर के एटीएम कक्षों की जांच करने के बाद शुक्रवार को बैंकों के प्रबंधकों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि नाम व फोटो छापने की जरूरत नहीं है। आप ने जो रात को देखा और हमें बताया उस पर जरूर कार्रवाई होगी।
कैमरे अच्छी क्वालिटी के नहीं : एसएसपी
एसएसपी सौरभ सिंह ने बताया कि एटीएम तोड़ने की वारदात में यह बात सामने आई है कि बैंकों द्वारा एटीएम कक्ष में अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए। इसके कारण किसी भी व्यक्ति का चेहरा साफ नहीं दिखाई देता। एटीएम कक्ष के बाहर भी कैमरा होना चाहिए ताकि यह पता चले कि अंदर कौन-कौन आया। रात्रि गश्त के संबंध में एसएसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें शहर भर में गश्त करती है। सादी पोशाक में भी पुलिस कर्मचारी सभी पर निगाह रखते हैं।