सब्जी मंडी एसोसिएशन सिरसा में आढ़ती प्रधानगी को लेकर उलझ गए हैं। बुधवार को दो गुटों में झगड़ा हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि झगड़े का कारण आढ़तियों द्वारा मंडी का नया प्रधान चुनना रहा। मंडी के आढ़तियों ने सहमति दिखते हुए गुरविंद्र सिंह काला को अपना नया प्रधान नियुक्त किया था। नवनियुक्त प्रधान का आरोप है कि प्रधान नियुक्ति को लेकर मंडी के प्रधान गंगाराम के समर्थित कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। वहीं प्रधान गंगाराम बजाज का कहना है कि वे अभी सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान है। प्रधानगी को कोई झगड़ा नहीं है। यह दो पक्षों का आपसी झगड़ा है।
लॉकडाउन के दौरान सब्जी मंडी में प्रवेश के लिए बने पास को लेकर काफी लंबे समय से खींचा तानी चल रही है। सब्जी मंडी के आढ़ती जगमोहन सिंह ने बताया कि आढ़तियों की समस्या को नजरअंदाज करने को लेकर आढ़तियों ने सब्जी मंडी का नया प्रधान नियुक्त करने का फैसला किया था। बीते मंगलवार दोपहर को सब्जी मंडी के 45 आढ़तियों में से 40 आढ़तियों ने नए प्रधान गुरविंद्र सिंह को प्रधान बनाने को लेकर सहमति जताई थी। मंडी पहले फल और सब्जी आढ़तियों के लिए एक ही प्रधान को मनोनीत किया हुआ था।
सब्जी मंडी आढ़ती जगमोहन सिंह का कहना है कि बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गुरविंद्र सिंह जैसे ही अपनी 22 नंबर दुकान पर पहुंचा तो कुछ लोगों ने ईंटों से प्रधान गुरविंद्र पर हमला कर दिया। मंडी आढ़ती बिंद्र पटेल, प्रदीप कुमार, इंद्र सैनी व श्याम लाल ने बताया कि सब्जी मंडी में पास व अन्य समस्याओं को लेकर निर्वतमान प्रधान गंगाराम बजाज से कई बार मिले हैं। लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही थी। साथ ही जून माह में मंडी की 23 दुकानों को लेकर खाली करने को लेकर नोटिस जारी किया गया था न ही उसे अभी तक खाली करवाया गया है। जून माह में प्रधान गंगाराम बजाज ने मंडी आढ़तियों की सलाह लिए बिना ही फल मंडी को सब्जी मंडी से अलग करवा दिया था।
कोट
लड़ाई झगड़े को लेकर कुछ आढ़ती अपनी शिकायत लेकर आए थे। लेकिन कुछ लोगों द्वारा मामले को सुलझाने को लेकर मध्यस्थता की जा रही है, इसलिए लेकर दोनों पक्षों ने समय मांगा है।
- इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह, एसएचओ सिटी थाना, सिरसा।
कोट
गुरविंद्र सिंह की ओर से मजदूरों को जाति सूचक गालियां निकाली गई थी। जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। उनका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। वे अभी मंडी के प्रधान हैं।
- गंगाराम बजाज, प्रधान सब्जी मंडी एसोसिएशन सिरसा।
कोट
यह आढ़तियों का आपसी मामला है। झगड़ा होने की सूचना मिलने पर वे मंडी में गए थे, क्योंकि सब्जी मंडी मार्केट कमेटी के अधीन है।
- विकास सेतिया, सचिव मार्केट कमेटी सिरसा।