सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने दाखिला के लिए आवेदन करने की तिथि चार अगस्त से बढ़ाकर 15 अगस्त तक कर दी है।
कुलपति प्रोफेसर अजमेर सिंह मलिक ने विद्यार्थियों की मांग पर यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के विभिन्न पाठ्यक्रमों व बीए एलएलबी पांच वर्षीय कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ाया है।
शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुरेश गहलावत ने बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहली काउंसिलिंग 17 अगस्त को होगी। सफल विद्यार्थी 19 अगस्त शाम पांच बजे तक फीस जमा कर सकेंगे, दूसरी काउंसिलिंग 20 अगस्त को होगी, जिसमें सफल विद्यार्थी 22 अगस्त सायं पांच बजे तक फीस जमा कर सकेंगे। तीसरी काउंसिलिंग 23 अगस्त को होगी, जिसमें सफल विद्यार्थी 24 अगस्त सायं पांच बजे तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे। यदि किसी पाठ्यक्रम में खाली सीट रहती है, उसे 26 अगस्त को फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त से विश्वविद्यालय में कक्षाएं प्रारंभ होंगी। बीएससी (फिजिकल, हेल्थ एंड स्पोर्ट्स एजुकेशन) में प्रवेश के लिए फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट 16 अगस्त को प्रात: आठ बजे विश्वविद्यालय के बहुउद्देेशीय हॉल में आयोजित किया जाएगा।