सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शिक्षण संस्थानों में मनाया जाता है एंटी रैगिंग डे
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। गुरु नानक कॉलेज किलियांवाली में बुधवार को रैगिंग डे मनाया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के निर्देश पर आयोजित हुआ। एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ ने कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को रैगिंग के खिलाफ जागरूक किया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरिंदर सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने रैगिंग के कारणों और दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। प्राचार्य ने बताया कि रैगिंग विद्यार्थियों के आत्मसम्मान और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। उन्होंने कॉलेज परिसर में सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
प्राचार्य ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शिक्षण संस्थानों में एंटी रैगिंग डे मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग से बचाना है ताकि वे न इसमें शामिल हों और न ही इसका शिकार बनें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रपत्र में दर्ज एंटी रैगिंग पहचान और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना और रेड रिबन क्लब ने इसे आयोजित किया। प्रभारी सहायक प्रोफेसर आशीष बाघला और समन्वयक डॉ. पायल सिंगला के नेतृत्व में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में एंटी रैगिंग समिति के सदस्यों सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।