रानियां। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की खंड इकाई ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रानियां में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। दो घंटे तक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर उन्होंने धरना दिया।
खंड प्रधान कन्हैया लाल ने कहा कि खंड रानियां में 87 प्राथमिक विद्यालयों में कुल 340 प्राथमिक शिक्षकों के स्वीकृत पद हैं, जबकि वर्तमान में खंड में 276 के लगभग प्राथमिक शिक्षक कार्यरत हैं। खंड पहले ही 64 अध्यापकों की कमी से जूझ रहा है, उस स्थिति को सुधारने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस खंड से शिक्षकों को दूसरे खंडों में प्रतिनियुक्ति के नाम पर भेजा जा रहा है। इससे खंड के अनेक विद्यालयों में स्थिति बिगड़ रही है व बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
अध्यापकों को जिला प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि रानियां खंड की स्थिति से जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को 10 दिन पहले ही लिखित में अवगत करवाते हुए खंड में अध्यापकों की कमी को पूरा करने के लिए निवेदन किया गया था। इस ओर ध्यान न देकर अधिकारी द्वारा खंड के कुछ अन्य विद्यालयों से भी शिक्षकों को दूसरे खंडों में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। जोकि न केवल अधिकारियों के लापरवाह व तानाशाही रवैये को दर्शाता है। जुलाई माह में निदेशालय के निर्देशानुसार सरप्लस अध्यापकों को शून्य अध्यापक व एकल अध्यापक विद्यालयों में भेजा गया था। अब उन्हीं विद्यालयों में से कुछ विद्यालयों से फिर से अध्यापकों को दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति के नाम पर भेजा जा रहा है। वे विद्यालय फिर से एकल विद्यालय हो गए हैं व निदेशालय के आदेशों की भी अवहेलना की जा रही है।
इस अवसर पर जिला महासचिव विजय सहारण, जिला वरिष्ठ उपप्रधान प्रेम बोस, खंड बड़ागुढ़ा प्रधान अजमेर जांगड़ा, खण्ड उपप्रधान जसवंत, पूर्व खंड प्रधान रामलाल, राजेन्द्र सिंह, श्रीचंद, सुरजीत भादू, अर्जुन सिंह, वीरेंद्र, संतोष कुमारी खन्ना, रीना, जसवीर कौर, सुमिता दुआ आदि मौजूद रहे।