सिरसा। कंगनपुर रोड स्थित गली नंबर 6 के लोगों का शुक्रवार देर शाम गंदे पानी और सीवरेज की समस्या के चलते गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शन करते हुए स्थानीय निवासियों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर जेई गुरप्रीत सिंह पहुंचे और लोगों को समझाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि हमारी गली में अब कोका कोला फ्री मिलता है। कोई भी चाहे, सीएम विंडो से हो या कोई अधिकारी, आए और ले जाए। दरअसल, उनका इशारा गली में जमा काले सीवरेज युक्त पानी की ओर था, जो पीने के पानी में मिल रहा है और पूरी गली में फैला हुआ है। इससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे 100-100 बार संबंधित अधिकारियों को कॉल कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। सीवरेज का गंदा पानी घरों में घुस रहा है, लेकिन जनस्वास्थ्य विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गली में सीवरेज की सफाई के नाम पर सिर्फ टैंकर भेजे जाते हैं जो पानी भरकर ले जाते हैं।
थोड़ी देर बाद फिर वही हालत हो जाती है। सीवर की गहराई से सफाई नहीं हो रही, सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। गंदा पानी जमा होने से मच्छर, बदबू और संक्रमण का खतरा लगातार बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि आश्वासन से काम नहीं चलेगा स्थायी समाधान चाहिए।
विभाग पूरी ईमानदारी से काम कर रहा है। हम दिन-रात समस्या के समाधान में लगे हैं और जल्द ही स्थायी समाधान किया जाएगा।
- गुरप्रीत सिंह, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।
प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोग हालात बताते हुए
प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोग हालात बताते हुए