ऐलनाबाद में बैंक समक्ष प्रदर्शन करते किसान।
ऐलनाबाद। 2024 सीजन के कॉटन का बीमा न मिलने से खफा होकर सोमवार को सैकड़ों किसानों ने एक्सिस बैंक के सामने धरना देकर रोष प्रदर्शन किया।
धरने की अगुवाई कर रहे किसान नेता प्रकाश ममेरा ने बताया कि एक्सिस बैंक द्वारा 2024 सीजन में किसानों का कॉटन का बीमा किया गया था और 2025 अप्रैल में सरकार ने सभी किसानों के बीमे की राशि उनके खाते में डाल दी थी, पर एक्सिस बैंक के अधिकारियों ने किसानों के साथ फ्रॉड करते हुए उक्त बीमा की राशि अब तक किसानों के खाते में नहीं डलवाई है।
प्रकाश सिहाग ने कहा कि ऐलनाबाद एरिया के साथ लगते गांव के सैकड़ों किसानों का बीमा एक्सिस बैंक के अधिकारी खा गए हैं। उन्होंने बताया कि 2 महीने से किसान इस बैंक में चक्कर लगा रहे हैं पर बैंक के अधिकारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एक्सिस बैंक के अधिकारी उक्त किसानों के बीमा की राशि उनके खातों में ट्रांसफर नहीं करते यह रोष प्रदर्शन जारी रहेगा।