किसानों की फसल पर डाली गई मिट्टी।
ओढां। प्रशासन की ओर से रत्ताखेड़ा खरीफ चैनल से अवैध पाइपें हटाने का कार्य जारी है। रविवार को गांव नुहियांवाली में मशीन की ओर से अस्थायी पुल हटाने के कार्य के दौरान डाली जा रही मिट्टी से फसल नष्ट होने के चलते किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए थाने में भी शिकायत दर्ज करवाई। वहीं किसान हलका विधायक आदित्य देवीलाल से भी मिले।
किसानों ने कहा कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। किसानों ने विधायक को अवगत करवाया कि एक तो विभाग ने उनके खेतों में जाने के लिए रखे गए अस्थायी पुलों को बेवजह हटा दिया और दूसरा मिट्टी डालकर उनकी फसलें भी नष्ट कर दीं। ऐसे में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने विभाग के एक्सईएन से बात करते हुए कहा कि किसानों की समस्या का निवारण किया जाए। नुहियांवाली के किसान सतपाल बड़जाती व रमेश कुमार ने बताया कि उनके खेत रत्ताखेड़ा खरीफ चैनल के साथ लगते हैं। उनके मुताबिक, पुल हटाए जाने के दौरान मशीन से मिट्टी उठाकर उसके खेत में डाल दी गई। इसके चलते उसका करीब दो कनाल पशु चारा व नरमे की फसल नष्ट हो गई।
वहीं किसान रमेश कुमार ने कहा कि उसके खेत में भी करीब पौने दो कनाल जगह मिट्टी डाले जाने के चलते पशु चारा नष्ट हो गया। किसानों ने कहा कि अधिकारी किसानों की कोई सुनवाई नहीं कर रहे। एक तो पुल हटाकर उनका अपने ही खेतों व ढ़ाणियों से संपर्क तोड़ दिया गया और दूसरा मिट्टी डालकर उनकी फसल बर्बाद की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उनका खेतों से बिल्कुल ही संपर्क टूट गया है। वे कृषि कार्य के लिए अपने खेतों में किस तरह जाएंगे। किसानों ने फसल नष्ट करने की शिकायत ओढां थाने में दर्ज करवाते हुए संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।