संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। शहीद उधम सिंह स्पोर्ट्स क्लब ओढ़ां की ओर से गांव ओढ़ां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन ओपन वर्ग के मैच खेले गए जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब चोरमारखेड़ा के हेड ग्रंथी बाबा गुरपाल सिंह, बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, बाबा प्रकाश सिंह साहुवाला, प्रबंधक कमेटी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
ओपन वर्ग में हरियाणा और पंजाब की 22 टीमों ने भाग लिया। क्वार्टर और सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद कलाला, ओढ़ां, मेहनाखेड़ा और पत्तो हीरा सिंह की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। पहले सेमीफाइनल में ओढ़ां ने मेहनाखेड़ा को हराकर फाइनल में जगह बनाई जबकि दूसरे सेमीफाइनल में कलाला ने पत्तो हीरा सिंह को पराजित किया। इसके बाद कलाला और ओढ़ां के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में ओढ़ां की टीम ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
वहीं, ब्लॉक स्तर के ओपन वर्ग में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला जगमालवाली और ओढ़ां के बीच खेला गया जिसमें जगमालवाली की टीम विजेता रही। हरियाणा-पंजाब ओपन वर्ग में दोदा और अलेवा के बीच हुए सेमीफाइनल में अलेवा ने जीत दर्ज की जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ओढ़ां ने माखेवाला को हराया।
फाइनल मुकाबला ओढ़ां और अलेवा के बीच खेला गया जो बेहद रोमांचक रहा। अंत में अलेवा की टीम ने छह अंकों से जीत हासिल कर ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये की नकद राशि अपने नाम की। उपविजेता ओढ़ां की टीम को 71 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार भी दिए गए। बेस्ट कैचर रहे खिलाड़ी को जयदीप कड़वासरा की ओर से मोटरसाइकिल प्रदान की गई जबकि बेस्ट रेडर को रमन मल्हान ने मोटरसाइकिल देकर सम्मानित किया। इसके अलावा, पंजाब के दो खिलाड़ियों को बेस्ट कैचर के रूप में जूसर-मिक्सर भेंट किए गए। विजेता अलेवा टीम को ओढ़ां के सरपंच संदीप सिंह, नंबरदार सुखपाल सिंह, मंजीत सिंह बैनीवाल, करणी सिंह ओढ़ां और पलविंद्र मलकाना ने प्रायोजित किया।