एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान नजदीक बस स्टैंड मंडी डबवाली क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार एक युवक को 120 ग्राम अफीम के साथ काबू किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर दाताराम ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अविनाश उर्फ बिल्ला निवासी वार्ड नंबर 8 एकता नगर मंडी डबवाली के रुप में हुई है।
पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस की एक टीम चेकिंग के दौरान बस स्टैंड मंडी डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर वापिस मुड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त मोटरसाइकिल सवार युवक को रोक कर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जा से 120 ग्राम अफीम बरामद हुई।