पीएम 2.5 और पीएम 10 प्रदूषण के सबसे खतरनाक कण होते हैं। ये कण वातावरण में बढ़ने से सीधे फेफड़ों पर असर डालते हैं, जिससे सांस लेने में तकलीफ होती है। यह स्थिति विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए घातक हो सकती है। वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अधिकारियों ने चिंता व्यक्त की है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
फतेहाबाद में रविवार को सीजन का पहला दिन ऐसा रहा, जब मौसम में धुआं छाया रहा। सुबह ही आसमान में धुएं की चादर लिपटी नजर आई। दोपहर 12 बजे बाद भी आसमान में धुआं नहीं हटा। गौरतलब है कि जिले में अभी तक 20 जगह पराली जलने के मामले आ चुके हैं। 17 किसानों पर 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लग चुका है।
सांस के रोगियों की बढ़ी मुश्किलें
इसी के साथ आंखों में जलन भी बढ़ने लगी है। इसके अलावा सांस के मरीजों को भी दिक्कत होने लगी है। एक्यूआई 300 पार हो गया है। चिकित्सकों ने सांस के मरीजों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल ही हिदायत दी है।
जिला नागरिक अस्पताल के छाती रोग विशेषज्ञ डॉ.मनीष टुटेजा ने बताया कि मौसम में धुआं छाए रहने से सांस के मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। उन्हें मुंह पर मास्क लगा कर रखना चाहिए। ज्यादा जरूरी हो तभी घर से निकलना चाहिए।