स्वदेशी के नाम पर एक ओर जहां बाबा रामदेव ने पतंजलि प्रोडक्ट बाजार में उतारकर विदेशी कंपनियों की नींद हराम कर दी है वहीं डेरा सच्चा सौदा से संबद्ध एमएसजी कंपनी जैविक प्रोडक्ट बाजार में उतारने जा रही है । यह कंपनी हर घरेलू उत्पाद और खाने पीने की चीजें बाजार में उतारेगी जिसमें शुद्ध जैविक आटे से बनी नूडल्स भी होगी। डेरा सच्चा सौदा के संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कंपनी के उत्पाद को लेकर एक प्रोमो भी दिखलाया।
उन्होंने कहा कि एसएसजी कंपनी ने अपना नाम और प्रोडक्ट के नाम पेटेंट करवा लिए हैं। खाने पीने के सभी सभी उत्पाद शत प्रतिशत जैविक होंगे। डेरा प्रमुख ने बताया कि सभी उत्पाद की शुद्धता की गारंटी को लेकर उन्होंने कंपनी से शपथ पत्र लिया है तभी वे इसके ब्रांड एंबेसडर बनने को तैयार हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें लगा कि उत्पाद में जरा सी भी गड़बड़ी है तो वे शपथ पत्र के साथ मीडिया की अदालत में जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी पूरी तरह से तैयार है कंपनी बीस दिसंबर या जनवरी में अपने उत्पाद बाजार में उतार सकती है। जब उनसे पूछा गया कि पहले बाबा रामदेव बाजार में पतंजलि के नाम पर जैविक उत्पाद उतार चुके हैं और अब आप भी अपना प्रोडक्ट ला रहे हैं। इसपर उन्होंने कहा कि एसएसजी की किसी से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।