शहर के हनुमानगढ़ रोड स्थित जीणमाता मंदिर में सोमवार शाम एक प्रेमी जोड़े ने हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक शादी की और इसके बाद जहर गटक लिया। समय पर चिकित्सा उपलब्ध हो जाने के कारण दोनों की जान बच गई और हालत अब खतरे से बाहर है। कस्बा रानियां निवासी वार्ड की लड़की, जोकि ब्यूटी पार्लर की दुकान चलाती है, ने रानियां के वार्ड नंबर 1 निवासी नाथ समुदाय के अजीत नाथ पुत्र महेंद्र नाथ के साथ शादी रचा ली।
प्रेमी ने प्रेमिका की मांग भरी और मंगलसूत्र पहनाया। इसके तुरंत बाद जोडे़ ने अपने साथ लाए जहर को गटक लिया और दोनों उल्टियां करने लगे। हालात बिगड़ते देख प्रेमी ने रानियां स्थित अपने रिश्तेदार विजय नाथ पुत्र राजनाथ को फोन पर सारी जानकारी दी और सहायता के लिए बुलाया। इस पर विजयनाथ ऐलनाबाद पहुंचा और इन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकाें ने दोनों का उपचार शुरू कर दिया।
डॉ. रामकिशन दहिया ने बताया कि दोनों की हालात खतरे से बाहर है। इन्हें जरूरी उपचार दिया जा रहा है। लड़की ने बताया है कि वह पिछले तीन महीनों से उक्त लड़के से प्यार करती है और उसके घर भी आना-जाना था। हम दोनों ने घर से बिना बताए भागकर शादी की है और परिजनाें के डर से जहर गटका है। समाचार भेजे जाने तक प्रेमी जोड़े के परिजन नहीं पहुंचे थे।