सिरसा मे सिलिंग प्लान के तहत एक गाड़ी की तलााशी लेते पुलिस कर्मचारी।
सिरसा। अपराध व अपराधियों तथा गैर कानूनी धंधा करने वालों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में शाम छह बजे से लेकर रात्रि दस बजे तक सीलिंग प्लान अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 52 पेट्रोलिंग पार्टियां, 51 राइडर व 57 नाके लगाकर जिलेभर को सील किया गया। इस दौरान गैर कानूनी धंधों में संलिप्त लोग गिरफ्तार किए गए। साथ ही 685 वाहनों को चेक कर 122 वाहनों के चालान काटे गए।
सीलिंग प्लान के दौरान जिला भर में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम छह बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक चले, इस अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करों, संपत्ति विरुद्ध अपराधियों, अवैध असलाहधारकों तथा विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों के खिलाफ अभियान चलाकर अपराधियों की धरपकड़ की गई। सीलिंग प्लान के तहत जिला की सदर थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों को आबकारी अधिनियम के तहत काबू कर उनके कब्जा से 21 बोतल अवैध शराब बरामद की है, जबकि एक व्यक्ति को 1050 रुपये व बड़ागुढा थाना पुलिस ने पुलिस ने 2110 रुपये की सट्टा राशि के साथ एक व्यक्ति को काबू किया। वहीं कालांवाली थाना पुलिस ने 12 बोतल देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को काबू किया, जबकि सदर डबवाली थाना पुलिस ने 96 बोतल देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को काबू किया है। थाना शहर सिरसा पुलिस ने सीलिंग प्लान के एक हुक्का बार पर छापेमारी कर मौका से छह हुक्के व एक फ्लेवर पैकेट बरामद कर नौ लोगों को काबू किया, जिनमें तीन युवतियां तथा तीन युवक काबू करके उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा सीलिंग प्लान के दौरान कुल 685 वाहनों को चेक किया गया तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने के आरोप में 122 वाहनों के चालान काटे गए।