सिरसा। दिल्ली में भाजपा की जीत ने सिरसा के भाजपा नेताओं में जोश भर दिया है। इस जोश के सकारात्मक परिणामों का इंतजार भाजपा हाईकमान को रहेगा। वहीं, दूसरी ओर दिल्ली में हार के बाद कांग्रेस के नेताओं ने शनिवार को कांग्रेस भवन में निकाय चुनावों को लेकर बैठक की। बैठक में चुनावों को लेकर रूपरेखा बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 फरवरी तक चेयरमैन और पार्षद के चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेता अपना आवेदन कर सकते हैं।
प्राप्त आवेदनों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक व हलका के विधायकों, पूर्व विधायकों से सलाह मशिवरा करके उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी के निकाय चुनाव संयोजक राजकुमार शर्मा ने बताया कि नगरपरिषद चुनावों में कांग्रेस विजयी पताका फहराएगी। कांग्रेस चेयरमैन बनने के बाद सिरसा शहर की बदहाली दूर होगी। बैठक में नगर परिषद चुनाव संयोजक राजकुमार शर्मा के अलावा संयुक्त संयोजक नवीन केडिया, वरिष्ठ नेता वीरभान मेहता, प्रवक्ता आनंद बियानी, नगर परिषद के पूर्व प्रधान रणधीर सिंह, वरिष्ठ नेता गजानन सोनी, ओम डाबर, हरीश मेहता, नगर पार्षद ख्यालीराम आदि मौजूद रहे।