सिरसा। नई नवेली दुल्हन को शादी के चार दिन बाद ही पति ने दुबई जाने के लिए मायके से 10 लाख रुपये लाने को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने पत्नी से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। विवाहिता की शिकायत पर महिला थाना सिरसा पुलिस ने आरोपी पति सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला थाना पुलिस को दिए बयान में सिरसा की हरि विष्णु कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय खुशी ने बताया कि उसकी शादी 14 अगस्त 2023 को पंजाब के मानसा जिले के गांव सरदूलेवाला निवासी रोशन लाल सोनी के साथ हुई थी। शादी के चार दिन बाद ही रोशन लाल ने उससे कहा कि उसको दुबई जाना है। इसलिए अपने पिता से 10 लाख रुपये लेकर आओ। खुशी ने यह बात अपने पिता को बताई। पिता की आर्थिक हालत खराब होने के बावजूद उसने कर्ज मांग कर पौने पांच लाख रुपये लाकर रोशन लाल को दे दिए, लेकिन रोशन लाल नहीं माना। खुशी ने आरोप लगाया कि रोशन लाल पैसों के लिए उससे मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं, उसके सास व ससुर भी मारपीट करते थे। ससुराल वालों ने उसे धमकी दी कि अगर पांच लाख रुपये लेकर नहीं आई तो उसे जान से मार देंगे।
चैट के बारे में पूछा तो करने लगा मारपीट
खुशी ने कहा कि एक दिन उसने पति रोशन लाल का मोबाइल देखा। इसमें पति की किसी माही नाम की लड़की के साथ अश्लील चैट थी। उसने पति से इस बारे में पूछा तो उसने मारपीट करनी शुरू कर दी। 30 अगस्त को रोशन लाल दुबई चला गया। इसी दिन माही उसके पिता के मोबाइल पर मैसेज आया। उसमें लिखा था कि तुम तो चार दिन से रोशन की जिंदगी में आई हो, मैं तो चार साल से रोशन के साथ रिलेशन में हूं। इस बारे में मैंने अपनी सास को बताया तो उसने मुझसे फोन छीन लिया। कुछ रोज बाद माही ने मेरे मम्मी के फोन पर भी रोशनलाल से अपने संबंधों को लेकर मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
ऐलनाबाद की लड़की के साथ भी रिलेशन में रहा
कुछ दिन बाद रोशन लाल दुबई से लौटा तो इस मामले को लेकर तीन बार पंचायत हुईं। इसके बाद एक और बात पता चली कि रोशन लाल ऐलनाबाद की एक लड़की के साथ भी लिव इन रिलेशन में रह रहा था। उक्त लड़की की जिंदगी भी रोशन लाल ने बर्बाद कर चुका है। खुशी का कहना है कि उसका रिश्ता हर गोपाल नाम के बिचौलिए ने रोशन लाल से तय करवाया था। बिचौलिए को रोशन लाल की सारी हरकतों का पता था। बिचौलिए ने सच्चाई छुपाकर उसकी जिंदगी से खिलवाड़ किया।
सोने के आभूषण व सामान पर किया कब्जा
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित खुशी का कहना है कि ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया और उसके पिता द्वारा शादी में दिए सोना व सामान पर कब्जा कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट करना, जान से मारने की धमकी देने व सामान खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया गया है।