सिरसा। पुलिस विभाग की ओर से शुक्रवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। एसपी डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार आयोजित यात्रा के दौरान डीएसपी साधु राम व डीएसपी जय भगवान के नेतृत्व में आयोजन हुआ।
शुक्रवार को तिरंगा यात्रा शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू होकर बरनाला रोड से होते हुए पुलिस लाइन सिरसा में जाकर समापन हुई। इस तिरंगा यात्रा में जिला पुलिस के अधिकारियों अलावा विभिन्न स्कूली बच्चे, स्टेडियम के कोच, खिलाड़ी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में लेकर वंदे मातरम् और भारत माता के जयघोष के नारे लगाए गए ।
भारत युवाओं का देश, युवाओं में होता है ऊर्जा का भंडार : डीएसपी
डीएसपी साधु राम व जय भगवान ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा ऊर्जा का भंडार होते हैं, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। डीएसपी साधु राम व जय भगवान ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है जिसके तहत हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने अपील की कि वे आमजन न केवल अपने घरों पर तिरंगा फहराएं बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी तिरंगा झंडा फहराने के लिए प्रेरित करें।
नशा से रहें दूर, लक्ष्य पाने के लिए करें कड़ी मेहनत
इस दौरान डीएसपी साधु राम व डीएसपी जय भगवान ने कहा कि राष्ट्रीय झंडा हमारी वीरता, साहस व खुशहाली का प्रतीक है इसलिए प्रत्येक भारतीय नागरिक को देश भक्ति के पूरे जज्बे के साथ हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। युवाओं तथा आमजन को राष्ट्र के प्रति इस तिरंगा अभियान में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए । डीएसपी साधु राम ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ खेलों में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है । खिलाड़ी अपने लक्ष्य को लेकर कड़ी मेहनत करें और देश समाज ने अपनी अलग पहचान बनाएं। इस अवसर पर तिरंगा परेड में यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंजू सिंह व शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर बनवारी लाल भी मुख्य रूप से शामिल रहे।