सिरसा। ऑटो मार्केट में पार्किंग की जगह पर अतिक्रमण पर नगर परिषद की टीम पांच जनवरी को कार्रवाई करेगी। मुनादी करवाने के बाद अब सामान जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। यह कदम ऑटो मार्केट में व्यवस्था बनाने के लिए उठाया जाएगा। कई जगहों पर कबाड़ डालकर अतिक्रमण किया हुआ है, जो छह से आठ महीने से पड़ा है।
इस कारण दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है और उनका काम प्रभावित हो रहा है। नगर परिषद की टीम दो बार पहले भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन उसके बाद भी अतिक्रमण करने वाले नहीं माने। इस दौरान कुछ दुकानदारों का सामान उठाया गया था, जो बाद में समझौता फीस भरकर वापस ले गए।
-
इस प्रकार है मामला
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार से ऑटो मार्केट के मिस्त्री मुलाकात करने वीरवार को आए थे। कार्यकारी अधिकारी को उन्होंने बताया था कि मार्केट में कुछ कबाड़ का व्यापार करने वाले लोग है। उन्होंने बड़े स्तर पर पार्किंग में कबाड़ डाला हुआ है और उसके काम दूसरे दुकानदारों का काम करना मुश्किल हो गया। पूरी तरह से पार्किंग बंद हो गई और यदि व्यवस्था बनाने के लिए उन्हें कहा जाता है तो वे कहते हैं कि मार्केट उनकी है, जिसको दिक्कत है मार्केट छोड़ जाए। दुकानदारों की बात सुनने के बाद कार्यकारी अधिकारी ने सीएसआई को निर्देश दिए थे कि तुरंत प्रभाव से नोटिस अतिक्रमण करने वालों को जारी किए जाए। सोमवार को रिपोर्ट करेंगे कि उन्होंने क्या कार्रवाई की है। अतिक्रमण पूरी तरह से मार्केट से हटना चाहिए।
-
अतिक्रमण हटाने के लिए मुनादी का काम पूरा किया जा चुका है। सोमवार को ऑटो मार्केट में कार्रवाई की जाएगी। सामान जब्त किया जाएगा।
-
जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद।