सिरसा। निजी स्कूलों में पुस्तकों और फीस सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी की टीम फील्ड में उतरी। इस दौरान शहर के निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण किया और गहनता से जांच की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर एक निजी स्कूल को नोटिस भी दिया और भविष्य में स्थिति सुधारने के आदेश भी दिए। जिले में अब अभियान चलाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने खंड स्तर पर टीमों का गठन कर दिया है।
शिकायतें मिल रही थी कि प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा विभाग के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। जहां एक ओर निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाई जा रही है वहीं दूसरी ओर फीस में भी बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार बिश्नोई ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ जिला गणित विशेषज्ञ नीरज पाहुजा और नरेंद्र सिंह शम्मी भी रहे। जिला शिक्षा अधिकारी की टीम ने हिसार रोड स्थित दो निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जांच की कि स्कूल में एनसीईआरटी की पुस्तकें पढ़ाई जा रही हैं या निजी प्रकाशकों की। एक स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा में जाकर देखा तो पाया कि 9वीं कक्षा में निजी प्रकाशक की पुस्तकें पढ़ाई जा रही थी। ऐसे में तुरंत प्रभाव से स्कूल को नोटिस दिया। इतना ही नहीं स्कूल से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। इसके अलावा दूसरे स्कूल में हालांकि व्यवस्था ठीक-ठाक मिली है।
सभी ब्लॉक में होगी स्कूलों की जांच, रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार ने सभी खंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खंडों में निजी स्कूलों की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया जाए। इस दौरान जो भी खामियां मिले, इसकी रिपोर्ट तैयार कर भेजें। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
आदेश : स्कूलों में नही लगेगी पुस्तकों की स्टॉक, सरकारी किताबें बेच सकते हैं
शिक्षा विभाग के ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी निजी स्कूल अपने कैंपस में पुस्तकों की स्टॉल नहीं लगा सकते। निजी प्रकाशकों की पुस्तकें स्कूलों नहीं बेची जा सकती। इसके अलावा एनसीईआरटी की पुस्तकों की बिक्री स्कूलों में की जा सकेगी। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छूट दी है।
अनियमितता मिलने पर दिया है नोटिस : जिला शिक्षा अधिकारी
वीरवार को निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान एक निजी स्कूल में अनियमितताएं मिलने पर नोटिस दिया गया है। इसके अलावा अब जिला भर में अभियान चलाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई भी की जाएगी।
-संत कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।