सिरसा। पुलिस ने साइबर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। हरियाणा के अलावा राजस्थान के कई जिलों में लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया। इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव चाड़ीवाल निवासी राहुल पुत्र मांगेराम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा सिम कार्ड बरामद कर किया गया है।
एसपी ने बताया कि शहर के हुड्डा निवासी रिटायर्ड अध्यापक बारुराम से ऑनलाइन 20 हजार ठगी के मामले में साइबर पुलिस स्टेशन ने 11 मार्च 2024 को मामला दर्ज किया था। इस मामले की जांच के लिए साइबर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने आरोपी राहुल को शहर के हुड्डा सेक्टर से काबू किया है। आरोपी राहुल अक्सर परिचित बनकर मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देता है। रिटायर्ड अध्यापक बारु राम से भी आरोपी ने मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर गुगल पे एप के माध्यम से अपने खाते में 20 हजार रुपये की राशि डलवाई थी। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ हरियाणा के हिसार, भिवानी, सिरसा व राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगगांनगर, अनूपगढ़, चुरू, बीकानेर तथा सूरतगढ़ आदि क्षेत्रों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।