सिरसा। गांव लखुआना के मंदिर से चांदी के छत्र चोरी करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रमोद निवासी लखुआना के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि मंदिर के पुजारी जगतपाल निवासी लखुआना की शिकायत दी थी कि उसके घर के पास श्री संकट हरणी जीण माता का मंदिर है। जब वह सुबह 5.30 बजे मंदिर में गया तो उसने देखा कि मुख्य द्वार का शीशा व ताला टूटा है। मंदिर के अंदर मूर्ति पर लगे चांदी के 15 छत्र चोरी हो चुके हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रमोद को काबू कर उससे चोरी किए गए चांदी के 15 छत्र बरामद किए हैं।