सिरसा। साइबर थाना की एक टीम ने बिटकॉइन में निवेश के नाम पर छह लाख 20 हजार रुपये का चूना लगाने के मामले में तीसरे आरोपी को राजस्थान के जोधपुर क्षेत्र से काबू किया है।
आरोपी की पहचान राजस्थान के सिरोही निवासी अंशु राजपुरोहित के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही 5200 रुपये व वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि विकास कुमार निवासी बिडविराना राजस्थान, हाल डबवाली रोड, सिरसा के साथ साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम एप के जरिये मैसेज भेज कर बिटकॉइन में पैसे निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झासा दिया था। पीड़ित व्यक्ति ने साइबर अपराधियों के झासे में आकर अपने बैंक खाते की सारी जानकारी साइबर अपराधियों को शेयर कर दी। उन्होंने पीड़ित व्यक्ति के खाते से 6 लाख 20 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर 6 नवंबर 2024 को साइबर थाना सिरसा में अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज का जांच शुरू की गई थी।