डबवाली। शहर थाना पुलिस ने सड़क हादसे में युवती की मौत के मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि चालक की पहचान अमरिंद्र सिंह मसीतां के तौर पर हुई है। इस मामले में डबवाली पुलिस ने ओमप्रकाश निवासी शेरगढ़ की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया था।
बता दें कि 21 मई दोपहर को साढ़े 12 बजे आशा रानी, कंवलजीत कौर निवासी शेरगढ़ व रीना रानी निवासी खुइयां मलकाना तीनों ही मेकअप आर्टिस्ट थीं। वे नेहरू आईटीआई में प्रधानमंत्री कौशल योजना के अंतर्गत कम्प्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटी की संचालित कक्षा लगाने के बाद मुख्य द्वार से निकलकर पैदल ही सड़क पार कर रही थीं। इस दौरान एक कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल तीनों युवतियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बठिंडा रेफर कर दिया। यहां आशा रानी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी कार चालक अमरिंद्र सिंह को काबू कर लिया है। संवाद