सिरसा। दुकान पर काम करने वाले मुनीम ने अपनी पत्नी के साथ सांठगांठ कर धोखाधड़ी से दुकान मालिक के बैंक खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी जब दुकान मालिक को लगी तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदार राजेश बजाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी अनाज मंडी सिरसा में मैसर्ज फर्म जुगल किशोर सुदर्शन कुमार के नाम से कमीशन एजेंट की दुकान है। करीब 12 साल से उसकी दुकान पर नेकचंद बतौर मुनीम कार्य करता था। सितंबर 2021 से नेकचंद ने प्रार्थी की दुकान पर मुनीमी का कार्य करना छोड़ दिया है। जब तक नेकचंद बतौर मुनीम कार्यरत था तो लेन देन से संबंधित व बैंक की चेक बुक भी नेकचंद के पास ही रहती थी। शिकायत में प्रार्थी ने बताया कि जब वह किसी कार्य के लिए बाहर जाता था जो जरूरत के अनुसार चेक बुक पर हस्ताक्षर करके चला जाता था।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका खाता संख्या 65810400000018 बैंक ऑफ बड़ौदा (विजया बैंक) में व खाता संख्या 359201110050001 यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सिरसा में है। आरोप है कि नेकचंद ने हेराफेरी करके 22 फरवरी 2021 को तीन लाख रुपये बजरीया चौक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाता से निकलवा लिए तथा 16 नवंबर 2021 को बैंक खाता संख्या 65810400000018 बैंक ऑफ बड़ौदा (विजया बैंक) से नेकचंद ने अपनी पत्नी राजरानी से सांठगांठ कर एक लाख साठ हजार निकाल लिये तथा चेक बुक गायब कर दी।
आगे भी ठगी की आशंका, पुलिस को चेताया
शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी चेक बुक गायब है तथा उसकी सहायता से नेकचंद उसके बैंक खातों से पैसे निकलवा सकता है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नेकचंद ने चैक बुक बतौर मुनीम कार्यरत होते हुए बैंक खातों से प्रार्थी की इजाजत के बगैर अपनी पत्नी से मिलीभगत कर पैसे निकलवाकर गैर कानूनी कार्य किया है तथा चेक बुक भी गायब कर दी है। आशंका है कि आगे भी ठगी की जा सकती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुनीम नेकचंद व उसकी पत्नी राजरानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।