संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अब मुख्य डाकघर में आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने के लिए समय में बदलाव किया गया है। पहले यह सुविधा केवल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही उपलब्ध थी, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ता था। अब, डाकघर प्रबंधन ने इसे बढ़ाकर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया है। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी, खासकर उन लोगों को जो दिन में कामकाजी होते हैं।
मुख्य डाकघर शहर के पॉश इलाके में स्थित है और इसके आसपास के बाजारों और कॉलोनियों से प्रतिदिन करीब 100 लोग आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए आते हैं। यह सुविधा सीमित समय में होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ती थी। अब, डाकघर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि 12 घंटे तक यह सेवा उपलब्ध रहेगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें और उन्हें गर्मी में ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े।
सरकारी और निजी कर्मचारियों को मिलेगी राहत:
इस बदलाव से सरकारी और निजी कर्मचारियों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। सरकारी कर्मचारी जो सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ड्यूटी पर रहते हैं, उन्हें आधार कार्ड अपडेट करने या नया बनवाने के लिए छुट्टी लेनी पड़ती थी। अब, डाकघर में रात 8 बजे तक सेवा मिलने से उन्हें अपनी ड्यूटी के बाद आधार कार्ड से संबंधित काम आसानी से निपटाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को भी अब अधिक समय मिलेगा।
कोट्स
प्रतिदिन आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने के लिए लोगों की संख्या बढ़ती जा रही थी। इसको ध्यान में रखते हुए अब डाकघर में 12 घंटे तक सेवा उपलब्ध रहेगी, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके। नागरिक अब सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कभी भी अपने आधार कार्ड से संबंधित कार्य करवा सकेंगे, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी। - कृष्ण सचदेवा , सीनियर पोस्टमास्टर, डाकघर, सिरसा।