झोरड़नाली नहर से जलघर तक जोड़ी जाएगी सीधी लाइन, अलीपुर और सलारपुर बुस्टिंग स्टेशन को भी जोड़ा जाएगा
फोटो :
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव भंभूर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 8 करोड़ रुपये की लागत से नया जलघर बनाया जाएगा। इस जलघर के बनने से न केवल भंभूर, बल्कि नटार, मंगला, झोरड़नाली, अलीपुर और सलारपुर गांवों को सीधा फायदा होगा। इन गांवों के लिए 30 एमएलडी क्षमता का वाटर टैंक बनाया जा रहा है। जिसकी नींव रविवार को रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने रखीं और निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई।
गांव भंभूर में काफी साल पहले जन स्वास्थ्य विभाग ने जलघर का निर्माण किया था। सिधमुख माइनर से पानी की सप्लाई जलघर को दी गई थी, लेकिन एक सप्ताह सप्लाई के बाद ही जलघर की सप्लाई बंद हो गई। मानइर में जलघर के अनुरूप पानी की उपलब्धता नहीं थी। इसके बाद से जलघर धीरे-धीरे कंडम हो गया और लोगों को नलकूपों व वाटर टैंकर के सहारा अपना गुजारा करना पड़ रहा है। अब इसी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जन स्वास्थ्य विभाग ने कार्य करते हुए 30 एमएलडी के जलघर का निर्माण करने की योजना बनाई और रविवार को कार्य शुरू करवाया। यह जलघर पुराने जलघर की जगह पर बनेगा।
झोरड़नाली में मुख्य नहर के पास बनाया जाएगा पंपिंग स्टेशन
भंभूर के जलघर को जोड़ने के लिए झोरड़नाली में मुख्य नहर के पास पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। यहां से मुख्य लाइन सीधे भंभूर जलघर में जोड़ी जाएगी। इसी लाइन के साथ अलीपुर और सलारपुर बुस्टिंग स्टेशन को भी जोड़ा जाएगा। जिससे उन्हें भी नहरी पानी नियमित रूप से मिल सके। मुख्य नहर से जोड़ने के साथ ही आसपास के पांच से छह गांवों की पानी की समस्या समाप्त जाएगी।
आकड़े और लाभ
कुल लागत : 8 करोड़ रुपये
जलघर की क्षमता : 30 एमएलडी
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट : 1 एमएलडी
पंपिंग स्टेशन : झोरड़नाली नहर पर
कुल प्रभावित आबादी : लगभग 7,000 से 8,000 लोग
लाभान्वित गांव: भंभूर, नटार, मंगला, अलीपुर, सलारपुर
ग्रामीण बोले - पानी की सालों पुरानी समस्या है
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से पानी की समस्या से जूझते हुए अब वे राहत की उम्मीद कर रहे हैं। धीरज गोदारा, लोकेश कुमार, रिंकू, राकेश सरपंच, प्रगट सिंह आदि ने कहा कि यह परियोजना लंबे समय से ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। जलघर बनने के बाद गांववासियों को पीने का साफ पानी मिलेगा, जो गर्मियों के मौसम में एक बड़ी राहत होगी।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::
पेयजल परियोजना का कार्य शुरू कर दिया गया है। जलघर, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण किया जाना है। हमारा प्रयास रहेगा कि समय पर कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि लोगों को पेयजल सुविधा मिल सके। - तरुण गर्ग, ठेकेदार ,
:::::::::::::::::::::::::
ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से शुद्ध पानी की समस्या बनी हुई थी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। जलघर के निर्माण की नींव रख दी गई है। जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूर्ण करवाया जाएगा। - अर्जुन चौटाला, विधायक, रानियां।