सिरसा। गांव मल्लेकां के पास वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नरमा चुगाई के लिए मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्राॅली और ट्रक सड़क किनारे खाई में जा पलटे। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक बाइक सवार भी ट्रक की चपेट में आ गया। मृतकों की पहचान ओटू निवासी 65 वर्षीय बलवीर कौर, 26 वर्षीय काकी कौर व बाइक चालक मल्लेकां निवासी 27 वर्षीय लवप्रीत सिंह उर्फ लवली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राॅली में चालक समेत 21 मजदूर सवार थे जो रोजाना की तरह गांव ओटू से गांव गुड़िया खेड़ा के खेतों में नरमा चुगाई के लिए जा रहे थे। घायल बीरोबाई और सुमन ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली के पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा बिस्कुटों से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ट्राॅली से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राॅली खदान में जा पलटी और उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद कई मजदूर घायल होकर ट्राॅली में ही फंस गए। राहगीरों ने मदद करते हुए एंबुलेंस का इंतजार किए बिना निजी वाहनों से घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीन घायलों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में से एक को प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा एम्स और छह को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें से तीन घायलों का शहर के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कम गंभीर घायलों का नागरिक अस्पताल में इलाज हो रहा है।
सड़क के दोनों तरफ लग गई वाहनों की कतार
हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु करवाया। ट्रैक्टर चालक समिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पीछे से ट्रक आने की आवाज सुनकर उसने ट्रैक्टर को साइड में कर लिया था लेकिन चालक तेज रफ्तार से ट्रक चलाते हुए ट्राॅली को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक फरार हो गया।
ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थाना सदर के जांच अधिकारी एसआई हरीश कुमार का कहना है कि ट्रैक्टर चालक समिंदर सिंह की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोपहर को मृतकों के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। जल्द ही ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
हादसे के बाद पलटा ट्रक और मौजूद लोग।