सिरसा। शहर के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। बरनाला रोड स्थित ई-लाइब्रेरी के सुधारीकरण का काम खत्म हो चुुुका है। करीब 65 लाख लाख रुपये की लागत से नया भवन तैयार कर लिया गया है। अब फर्नीचर का काम बाकी है। अगले 15 दिन में फर्नीचर मिल जाएगा और लाइब्रेरी शुरू कर दी जाएगी। नया भवन शुरू होने से लाइब्रेरी की क्षमता 100 विद्यार्थियों से बढ़कर 200 तक हो जाएगी। हालांकि यहां प्रतिदिन 300 से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं।
बरनाला रोड स्थित बाल भवन के पीछे कैंपस में जिला ई-पुस्तकालय है। यहां प्रतिदिन आसपास के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। लेकिन यहां पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए जगह कम थी। एक समय में यहां पर केवल 100 विद्यार्थी ही बैठकर पढ़ाई कर पाते थे। ऐसे में जिला प्रशासन ने कोरोना काल से पहले इसके विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार किया। जिसे सरकार ने मंजूरी देते हुए करीब 65 लाख रुपये का फंड जारी कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त भवन के निर्माण का काम शुरू हुआ। लेकिन कोरोना महामारी के कारण काम बीच में रुक गया। अब इसका लगभग काम पूरा हो चुका है, केवल फर्नीचर आना बाकी है।
बढ़ेगी क्षमता : अब 200 विद्यार्थियों को मिलेगी लाइब्रेरी में बैठने की सुविधा
बाल भवन रोड पर स्थित जिला स्तरीय ई लाइब्रेरी के पास महिला राजकीय कॉलेज व राजकीय नेशनल कॉलेज हैं। ऐसे में ई लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होती है। वहीं लाइब्रेरी में 1816 अन्य ऐसे मेंबर भी हैं, जो लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आते हैं। प्रतिदिन लाइब्रेरी में 300 के करीब विद्यार्थी आते हैं। लेकिन यहां बैठने की सुविधा केवल 100 विद्यार्थियों की थी। अब इसकी क्षमता को बढ़ाकर 200 तक कर दिया है।
करीब 34 हजार से अधिक किताबें मौजूद
शहर में एकमात्र जिला स्तरीय ई लाइब्रेरी है। जिसमें इस समय 34 हजार 117 पुस्तकें विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है। जरनल नॉलेज, लिटरेचर, मैगजीन व प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें भी लाइब्रेरी में है। वहीं ई रिर्सोस भी हैं। जिसकी सहायता से विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से पढ़ने के लिए सामग्री ले सकते हैं।
सीनियर सिटीजन के लिए अलग से कैबिन
लाइब्रेरी स्टाफ ने बताया कि यहां विद्यार्थियों के साथ-साथ सीनियर सिटीजन भी पढ़ने के लिए आते है। प्रतिदिन 20 से 30 सीनियर सिटीजन लाइब्रेरी में आते हैं। जिनके लिए नए भवन में अलग से कैबिन बनाया जा रहा है। क्योंकि सीनियर सिटीजन युवाओं के साथ बैठकर पढ़ने में असहज महसूस करते हैं। जिसको देखते हुए लाइब्रेरी में एक अलग से केबिन बनाया जा रहा है।
विद्यार्थियों को नए भवन में ये मिलेगी सुविधाएं
- 200 विद्यार्थियों की एक साथ बैठने की सुविधा
- ऑनलाइन पढ़ाई के लिए वाई फाई
- ई-रिसोर्स
- फुली एसी
- सीसीटीवी कैमरा
- न्यूज देखने के लिए एलईडी
- नेशनल डिजिटल रिसोर्स
- करीब 35 हजार पुस्तकें
- सभी समाचार पत्र, मैगजीन
- कंप्यूटर सिस्टम
वर्जन
पिछले दो सालों में कोरोना महामारी के कारण लाइब्रेरी का निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। लेकिन अब कार्य अंतिम चरण में है। लाइब्रेरी में अब नया फर्नीचर लगाना ही बाकी है। करीब 15 दिनों के भीतर ये काम पूरा कर लिया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों को ई-लाइब्रेरी का फायदा मिलेगा।
-सुनील मेहता, जिला लाइब्रेरी नोडल अधिकारी, सिरसा।