सिरसा। गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को गांव फरवाई के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक समेत एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गए। पिकअप में 12 श्रद्धालु सवार थे।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी भीकम सिंह परिवार के साथ गोगामेड़ी जा रहा था। वीरवार सुबह करीब 10 बजे पिकअप फरवाई के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार कार ने पिकअप को टक्कर मार दी।
कार चालक रोशन अरोड़ा निवासी कीर्ति नगर, सिरसा पत्नी मनदीप कौर के साथ चंडीगढ़ जा रहा था। हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पिकअप चालक सोनू, भीकम सिंह, उसकी पत्नी धर्मवती, बेटी माया देवी, बेटा रमेश कुमार, बहू सरस्वती, पौत्र शवीन और रिश्तेदार रामअवतार शामिल हैं। सभी ऊना निवासी हैं।
वहीं हादसे में कार सवार रोशन अरोड़ा और मनदीप कौर को मामूली चोटें आईं। सदर थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।