सिरसा। नेजाडेला बाईपास रोड पर मंगलवार सुबह एक अज्ञात बाइक सवार ने बैंक क्लर्क से मारपीट कर 20 हजार 700 रुपये से भरा लिफाफा छीन लिया। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गांव शेखुपुरिया निवासी महेंद्र पाल ने बताया है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में उनका मकान बन रहा है।
मंगलवार सुबह सात बजे वह 20 हजार 700 रुपये लिफाफे में डालकर बाइक पर सवार होकर सिरसा आए थे। मकान का काम देखने के बाद वह कर्मगढ़ क्षेत्र में किसी जानकार को पैसे देने के लिए रवाना हुए। नेजाडेला बाईपास हाईवे पर पहुंचते ही एक अज्ञात बाइक सवार ने जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर से वह सड़क पर जा गिरे और उनका पैर बाइक के नीचे दब गया। महेंद्र पाल का कहना है कि उक्त शख्स ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान जेब से पैसों का लिफाफा गिर गया, जिसे उक्त शख्स उठाकर मौके से भाग गया। इसके बाद राहगीरों ने उसे एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे में अज्ञात युवक की तस्वीर कैद मिली है। जल्द ही युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।