सिरसा। कोरोना ने एक और जान ले ली। शहर के प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। युवती को वीरवार रात को ही तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 94 नए केस सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा सिरसा शहर में 55 केस मिले हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण फैलता जा रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर 94 केस मिले। इसमें सिरसा में 55, डबवाली में 11, ऐलनाबाद में 8, कालांवाली में 3, ओढां में 6, नाथूसरी चोपटा में 3, माधोसिंघाना में 1, रानियां में 3, चौटाला में 4 केस मिले हैं। जनवरी माह के 14 दिनों में अब तक संक्रमण के 537 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं संक्रमण के कारण दो मौतें हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर निगाह दौड़ाएं तो दिसंबर महीने में संक्रमण के 23 मामले आए थे जबकि एक मौत हुई थी।
बढ़ रहा मौत का आंकड़ा, सैंपलिंग भी बढ़ाई
जिले के गांव कुसुंभी निवासी 16 वर्षीय किशोरी की मौत हुई है। उसे वीरवार रात को ही निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसकी स्थिति बिगड़ने पर उसे वेंटिलेटर पर भी रखा गया था परंतु फिर भी उसकी मौत हो गई। जनवरी महीने में संक्रमण के कारण यह दूसरी मौत है। इससे पहले बीती 10 जनवरी को गांव कर्मगढ़ निवासी 28 वर्षीय महिला की संक्रमण से मौत हो चुकी है जोकि चिकित्सक थी। जिले में अब तक संक्रमण के कारण 512 मौतें हो चुकी है। शुक्रवार को 1259 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। अब तक 5 लाख 97 हजार 582 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं। जिनमें से अब तक 29,837 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें से 28,919 संक्रमित कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।
सिविल सर्जन के आदेश : नियमित मॉनीटरिंग करें टीमें, गंभीर मरीजों की हो जीनोम जांच
सिविल सर्जन डॉ. मनीष बांसल ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। फोन पर ही निजी अस्पतालों के संचालकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने आदेश दिए कि सभी टीमें होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों का ध्यान रखें। नियमित रूप से बातचीत करते रहे। किसी को दिक्कत हो तो तुरंत इसकी सूचना दें। इसके अलावा ये भी आदेश दिए कि यदि किसी संक्रमित की तबीयत ज्यादा खराब होती है तो उसका जीनोम जांच के लिए भी सैंपल जरूर भेजें ताकि ये पता लगाया जा सके कि कौन सा वायरस है।
कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए सभी को ध्यान रखने की जरूरत है। ध्यान रखें कि भीड़ भरे स्थानों पर ना जाएं। जाना हो तो सामाजिक दूरी नियम का पालन करें। जिले के लोग कोरोना को लेकर जागरूक हैं और लक्षण नजर आने पर स्वयं जांच करवाने के लिए आगे आ रहे हैं। ये अच्छी बात है। बीमारी का पता चलेगा, तभी उसका समय पर उपचार करना संभव हो सकेगा।
- डॉ. मनीष बांसल, सिविल सर्जन, सिरसा।