अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जेल कॉलोनी में चोरों ने एक जेल वार्डर के सरकारी क्वार्टर में सेंध लगा दी। चोर क्वार्टर से लाखों के जेवरात व हजारों की नगदी चुराकर ले गए। पुलिस ने जेल वार्डर राधेश्याम की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जेल वार्डर राधेश्याम को जेल कॉलोनी के सरकारी क्वार्टर मिला हुआ है। राधेश्याम सात जुलाई को अपनी ड्यूटी पूरी करके क्वार्टर में ताला लगाकर अपने गांव लाड़वी चला गया। रात करीब नौ बजे वह लौटा तो क्वार्टर के गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से एक सोने का हार, चार सोने के कड़े, एक सोने की अंगूठी, सोने के टॉप्स, सोने की बालियां, चांदी की हसली, चार जोड़ी पाजेब, चांदी की अंगूठी, चांदी की चुटकियां व 42 हजार रुपये की नगदी गायब मिली। चोरों ने राधेश्याम के पड़ोसी वार्डर पंछीराम के क्वार्टर का भी ताला तोड़कर सोने की दो अंगूठियां चुरा ली। इसके बाद घटना की सूचना हुडा चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। चोरी शुदा जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। जांच अधिकारी बलराज का कहना है कि वार्डर राधेश्याम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी।
चोरों ने दो जेल वार्डरों के क्वार्टरों में लगाई सेंध
लाखों के सोने-चांदी जेवरात सहित हजारों की नकदी चुनाई, गांव गया हुआ था जेल वार्डर