डबवाली। 10 हजार रुपये की चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को उसके घर से 84.54 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी गुरदास निवासी गांव असीर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए 2700 रुपये भी बरामद किए गए।
पुलिस प्रवक्ता आनंद कुमार ने बताया कि 11 अक्तूबर को गांव असीर निवासी कुलदीप सिंह ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि शाम को घर से बाहर जाने के दौरान अज्ञात व्यक्ति 10 हजार रुपये चोरी कर ले गया। शिकायत पर कालांवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच अधिकारी अजयदीप सिंह ने अहम साक्ष्यों के आधार पर 13 अक्तूबर को गुरदास के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की। संवाद